रामा मंडी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार टिप्पर ने दो पिकअप गाड़ियों को मारी टक्कर, यातायात प्रभावित
हादसा सुबह 6 बजे हुआ, जिसमें एक पिकअप चालक घायल हो गया
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा
पिकअप में रखा करीब 2.5 लाख का सोफा भी क्षतिग्रस्त हो गया है
सभी तथ्यों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी : पुलिस
जालंधर
जालंधर के रामा मंडी फ्लाईओवर पर सरियों से लदे खराब खड़े ट्रक के कारण पीछे से तेज रफ्तार टिप्पर ने दो पिकअप गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जिसमें एक पिकअप चालक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। वहीं घायल चालक का आरोप है कि उनकी गाड़ी सड़क किनारे रुकी हुई थी, लेकिन टिप्पर चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। वहीं, पिकअप में रखा करीब 2.5 लाख का सोफा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खराब ट्रक के कारण रुकी थीं पिकअप गाड़ियां
पिकअप चालक सुमन ने बताया कि गाड़ी लेकर गुरदासपुर की तरफ जा रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे रामा मंडी फ्लाईओवर पर पहुंचे तो आगे सरियों से लदा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। स्थिति को देखते हुए उन्होंने अपनी पिकअप रोक ली और आगे निकलने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए टिप्पर ने उनकी पिकअप और पास खड़ी दूसरी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
ढाई लाख का सोफा टूटा, चालक के पैर में चोटें
सुमन के मुताबिक, हादसे के समय उनकी गाड़ी में वह अकेले सवार थे, जबकि दूसरी पिकअप में दो लोग मौजूद थे। टक्कर के कारण गाड़ी में रखा करीब 2.5 लाख रुपये का सोफा भी खराब हो गया। हादसे में उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों और पैर में चोटें आई हैं। घायल चालक ने सड़क पर खराब खड़े ट्रक और टिप्पर चालक को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
MDT ऐप से मिली सूचना, SSF टीम मौके पर
सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) में तैनात कांस्टेबल अमरदीप ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे MDT ऐप के जरिए रामा मंडी फ्लाईओवर पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो देखा कि सरियों से लदा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण पुल पर खड़ा था और आगे बढ़ने की स्थिति में नहीं था। SSF टीम ने हादसे से संबंधित पूरी जानकारी कैंट/रामा मंडी क्षेत्र के एएसआई हरीश कुमार को सौंप दी है।
हाइड्रा क्रेन से हटाए वाहन, 9 बजे खुला रास्ता
यातायात को सामान्य करने के लिए SSF कांस्टेबल अमरदीप चट्ठा और कांस्टेबल रणजीत सिंह ने मौके पर हाइड्रा क्रेन मंगवाई। इसकी मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप गाड़ियों और खराब खड़े ट्रक को सड़क से हटवाया गया। सुबह करीब 6 बजे से प्रभावित यातायात को टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 9 बजे तक सामान्य करवा दिया। इसके बाद फ्लाईओवर की सभी लेनों पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई।








