दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला

लुधियाना में कपड़ा कारोबारी का दोस्त ने ही कर दिया कत्ल, तीन आरोपी अरेस्ट

2.5 करोड़ के लेन-देन में रची गई यह साजिश

कारोबारी को बहाने से बुलाया फिर अपहरण

हत्या कर शव बठिंडा के एक छप्पड़ में फेंका

गहने गायब होने का मामला जांच के दायरे में

लेन-देन से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा

लुधियाना

लुधियाना में नौलखा गार्डन से दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कपड़ा कारोबारी की उसके ही दोस्त ने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी। थाना डिवीजन नंबर-4 पुलिस ने इस मामले में कारोबारी के दोस्त समेत तीन आरोपियों मिक्की आहूजा, अजय सिंह और शिवा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले 50 वर्षीय कारोबारी पंकज अरोड़ा को बहाने से बुलाया और फिर अपहरण कर उसकी हत्या करके शव बठिंडा के एक छप्पड़ में फेंक दिया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इसमें हत्या की वजह, गायब सोने के गहने और करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

2 से ढाई करोड़ रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद

मृतक के रिश्तेदारों के अनुसार, पंकज अरोड़ा का अपने दोस्त मिक्की आहूजा के साथ करीब 2 से ढाई करोड़ रुपये का आर्थिक लेन-देन था। पंकज को अपने दोस्त से पैसे लेने थे। इसी रकम का भुगतान करने के बहाने मिक्की ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया था। परिजनों को अंदेशा है कि इसी लेन-देन के विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। पहले पंकज का अपहरण किया और फिर उनकी हत्या कर दी।

15 तोले सोने के गहने पहनकर निकले थे पंकज अरोड़ा

बताया जा रहा है कि पंकज अरोड़ा जब घर से निकले थे, तब उन्होंने करीब 15 तोले सोने के गहने पहन रखे थे। हत्या के बाद ये गहने गायब मिले हैं। ऐसे में कारोबारी की हत्या के साथ-साथ उनके सोने के आभूषणों के गायब होने का मामला भी जांच के दायरे में है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पंकज अरोड़ा की हत्या करने और शव को बठिंडा के एक छप्पड़ में फेंकने की बात कबूल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *