अमृतसर के श्रद्धालु के लापता होने की खबर निकली अफवाह, बेटे ने किया खुलासा
सरदार बिक्रमजीत सिंह का नाम शामिल बताया जा रहा था
उनके पिता बिल्कुल सुरक्षित हैं और जत्थे के साथ ही मौजूद
भारतीय मोबाइल नंबर पर परिवार से लगातार संपर्क बना है
परिवार ने अपील की कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरें न फैलाएं
अमृतसर
पंजाब के अमृतसर से बड़ी खबर सामने आई है। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर SGPC के जत्थे के साथ पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं में से तीन लोगों के लापता होने की खबरें सामने आई थीं। इनमें अमृतसर के तेज नगर चौक निवासी सरदार बिक्रमजीत सिंह का नाम भी शामिल बताया जा रहा था। हालांकि, अब उनके बेटे ने इन खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया है।
पिता बिल्कुल सुरक्षित हैं : चरणजीत सिंह

पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिक्रमजीत सिंह के बेटे चरणजीत सिंह ने कहा कि उनके पिता बिल्कुल सुरक्षित हैं और पाकिस्तान में जत्थे के साथ ही मौजूद हैं। कुछ समय पहले ही उनकी अपने पिता से फोन पर बात हुई है। चरणजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता के पास भारतीय मोबाइल नंबर है और वाई-फाई के जरिए परिवार से लगातार संपर्क बना हुआ है।
बिना पुष्टि के इस तरह की खबरें न फैलाएं
जब उनके पिता को अपने लापता होने की खबरों के बारे में पता चला तो वह भी यह सुनकर परेशान हो गए। परिवार के मुताबिक, बिक्रमजीत सिंह हर साल की तरह इस बार भी SGPC के जत्थे के साथ धार्मिक यात्रा पर पाकिस्तान गए हैं और जत्थे के साथ ही सुरक्षित भारत लौटेंगे। वहीं, परिवार ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के इस तरह की खबरें न फैलाएं, इससे परिवार के लोगों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।








