हजारों दीप जलें, हर हृदय में ज्ञान का प्रकाश हो : श्री श्री रवि शंकर
शुद्ध चेतना के लिए हर हृदय में ज्ञान और प्रेम का दीप जलाएं तथा प्रत्येक चेहरे पर मुस्कान लाएं
जीवन के प्रत्येक पक्ष को हमारे ध्यान और ज्ञान के प्रकाश की आवश्यकता
जागिए और देखिए जीवन हर पल नया है, अतीत का अंधकार मिट जाता है
गुणों में किसी में धैर्य है, किसी में प्रेम, किसी में साहस, तो किसी में उदारता
मन में संचित नकारात्मक भावनाओं को छोड़ने का अवसर देता है दीपावली
धार्मिक अनुष्ठानों और परंपराओं से उत्सव में गहराई और सार्थकता आती ह
जब हम ‘मुझे कुछ नहीं चाहिए’ के भाव में जीने लगते हैं, तब सबकुछ स्वतः हमारे पास आने लगता है। समृद्धि सबसे पहले मन की अवस्था है। जब हम अपने पास जो कुछ है, उसे देखना और उसके प्रति कृतज्ञ होना सीखते हैं, तब जीवन में समृद्धि का विस्तार होने लगता है। दीपावली पर जले दीपों की पंक्तियां हमें स्मरण कराती हैं कि जीवन के प्रत्येक पक्ष को हमारे ध्यान और ज्ञान के प्रकाश की आवश्यकता है। यद्यपि हम सभी के भीतर गहराई में शुद्ध चेतना का प्रकाश विद्यमान है, लेकिन उसे अपने आचरण और व्यवहार में भी प्रकट करना आवश्यक है। यह तभी संभव है, जब हम प्रत्येक हृदय में ज्ञान और प्रेम का दीप जलाएं तथा प्रत्येक चेहरे पर मुस्कान लाएं।
जागिए और देखिए जीवन हर पल नया है
हमें केवल एक दीप से संतुष्ट नहीं होना चाहिए, बल्कि हजारों दीप जलाने चाहिए। इसी तरह, ज्ञान का प्रकाश फैलाना आवश्यक है। अंधकार का अपना अस्तित्व नहीं होता। वह तो केवल प्रकाश का अभाव है। मान लीजिए, कोई कमरा बीस वर्षों से अंधकार में डूबा है, तो वहां केवल एक दीप जलते ही अंधकार अपने आप दूर हो जाता है। जागिए और देखिए जीवन हर पल नया है। ज्ञान का प्रकाश होते ही अतीत का अंधकार स्वतः मिट जाता है।
प्रत्येक दीप हमारे सद्गुणों का प्रतीक है
प्रत्येक मनुष्य में कुछ न कुछ अच्छे गुण अवश्य होते हैं। हमारे द्वारा जलाया जाने वाला प्रत्येक दीप इन्हीं सद्गुणों का प्रतीक है। किसी में धैर्य है, किसी में प्रेम, किसी में साहस, तो किसी में उदारता। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिनमें लोगों को एकजुट करने की विशेष क्षमता होती है। हमारे भीतर छिपे ये सद्गुण एक प्रज्वलित दीप के समान हैं। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और प्रकट करने की है।
बुद्धि और हृदय दोनों को स्पर्श करता है
दीपावली ऐसा पर्व है, जो हमारी बुद्धि और हृदय दोनों को स्पर्श करता है तथा हमें अपने आसपास के लोगों की सेवा करने की प्रेरणा देता है। भावनात्मक स्तर पर यह पर्व हमें बीती बातों से उपजी गलतफहमियों और मन में संचित नकारात्मक भावनाओं को छोड़ने का अवसर देता है। दीपावली वह समय है, जब हम अपने जीवन में प्राप्त ज्ञान और अनुभवों को स्वीकार करते हुए एक नई शुरुआत का स्वागत करते हैं।
परमात्मा के लिए गहराई और सार्थकता
उत्सव मनाना आत्मा का स्वभाव है और जीवन में उत्सव मनाने का हर अवसर शुभ है। प्राचीन ऋषियों ने प्रत्येक उत्सव को आध्यात्मिक पवित्रता से जोड़ा, ताकि हम केवल बाहरी गतिविधियों में ही न उलझकर रह जाएं। धार्मिक अनुष्ठानों और परंपराओं का पालन करना वास्तव में परमात्मा के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करने का एक माध्यम है। इससे उत्सव में गहराई और सार्थकता आती है।
समृद्धि के प्रति कृतज्ञता का दीप जलाएं
जो ज्ञान में स्थित है, उसके लिए हर पल और हर दिन दीपावली है। हमें ज्ञान के साथ मानवता की सेवा का संकल्प लेना चाहिए। अपने हृदय में प्रेम का दीप जलाएं, अपने घर में समृद्धि का दीप प्रज्वलित करें, दूसरों की सेवा के लिए करुणा का दीप जलाएं, अज्ञान के अंधकार को दूर करने के लिए ज्ञान का दीप जलाएं और परमात्मा द्वारा प्रदान की गई समृद्धि के प्रति कृतज्ञता का दीप प्रज्वलित करें।









