लुधियाना के हैबोवाल में पालतू कुत्ते की चोरी का चौंकाने वाला मामला
अब कुत्ते भी नहीं सुरक्षित! लुधियाना में Shih Tzu डॉग को चोरी करके फरार एक्टिवा सवार
चोरी किए गए कुत्ते की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है
दिनदहाड़े हुई पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई
अब CCTV फुटेज पर एक्टिवा सवार आरोपी की पहचान की कोशिश
लुधियाना
लुधियाना के हैबोवाल इलाके में पालतू कुत्ते की चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 22 फीट रोड पर एक एक्टिवा सवार व्यक्ति 6 महीने के शिह त्ज़ु (Shih Tzu) नस्ल के पिल्ले को उठाकर फरार हो गया। चोरी किए गए कुत्ते की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी ने इस वारदात को दिनदहाड़े अंजाम दिया, जिसकी पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। अब CCTV फुटेज पर एक्टिवा सवार आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पहले कुत्ते को खींचा, एक्टिवा पर लेकर फरार
सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति एक्टिवा पर सवार होकर गली में पहुंचता है। इसी दौरान उसकी नजर वहां मौजूद छोटे पिल्ले पर पड़ती है। आरोपी पहले कुत्ते को गर्दन से पकड़कर अपनी तरफ खींचता है। वह दो-तीन बार ऐसा करता है और फिर मौका देखकर पिल्ले को उठाकर अपनी एक्टिवा पर रख लेता है। इसके बाद आरोपी बिना किसी डर के वहां से फरार हो जाता है।
माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने गया था परिवार
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे 18 नवंबर को माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने गए थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने अपने पालतू कुत्ते को देखभाल के लिए हैबोवाल की 22 फीट रोड स्थित अपने भाई के घर छोड़ दिया था। इसी दौरान शाम के समय पिल्ला घर के बाहर या गली में मौजूद था। तभी एक्टिवा सवार व्यक्ति वहां पहुंचा और उसे चोरी करके ले गया। घटना का पता चलने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।









