जालंधर के फिल्लौर नेशनल हाईवे पर सुबह-सुबह हादसा
ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराया कैंटर, ड्राइवर की मौत, कैबिन काटकर निकाला शव
SSF टीम ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया
कैंटर (नंबर PB11 CT 8318) का अगला हिस्सा पूरी तरह हो गया क्षतिग्रस्त
NHAI टीम ने हाइड्रा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन सड़क से हटाये गये
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागा, थाने में दी गई सूचना
जालंधर
जालंधर के फिल्लौर नेशनल हाईवे पर आयशर कैंटर और विज्ञापन होर्डिंग लदी स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। शुक्रवार सुबह 4 बजे हुए हादसे में कैंटर ड्राइवर सुखपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया था। SSF की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। NHAI की टीम ने हाइड्रा क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। फिल्लौर थाने में सूचना दी गई है।
टक्कर से कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर (नंबर PB11 CT 8318) का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक सुखपाल सिंह का पैर बुरी तरह टूट गया था और वह केबिन में फंसा हुआ था। राहगीर की सूचना पर SSF इंचार्ज जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला।
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागा
मौके पर ट्राइएज टीम ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया और पैर पर पट्टी बांधकर खून रोकने का प्रयास किया। इसके बाद नेशनल हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से उसे सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। SSF इंचार्ज जसविंदर सिंह के मुताबिक, कैंटर की टक्कर स्वराज 735 ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई थी, जिस पर बड़ा विज्ञापन होर्डिंग लगा हुआ था। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग गया।








