टिकट कटने की अटकलों पर AAP MLA अनमोल गगन मान ने लगाया विराम, दिया यह बयान
पार्टी ने उनका टिकट नहीं काटा, बल्कि उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है
AAP ने उनका टिकट नहीं काटा है, बल्कि चुनाव से दूर रहने का फैसला उन्होंने खुद लिया
अनमोल गगन मान ने माना केजरीवाल उनके चुनाव नहीं लड़ने के फैसले से खुश नहीं थे
उनका व्यक्तिगत फैसला है और पार्टी की ओर से टिकट काटे जाने जैसी कोई बात नहीं
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान ने चुनाव न लड़ने और टिकट कटने को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर साफ कर दिया है कि पार्टी ने उनका टिकट नहीं काटा, बल्कि उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। केजरीवाल ने उन्हें सलाह दी कि वह स्पष्ट कर दें कि आम आदमी पार्टी ने उनका टिकट नहीं काटा है, बल्कि चुनाव से दूर रहने का फैसला उन्होंने खुद लिया है। अनमोल गगन मान के बयान के बाद राजनीतिक अटकलों पर नई चर्चा शुरू हो गई है।
पार्टी से टिकट काटे जाने जैसी कोई बात नहीं है
अनमोल गगन मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि उनकी चुप्पी के कारण चुनाव न लड़ने को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही थीं। अनमोल गगन ने अपनी पोस्ट में यह भी स्वीकार किया कि अरविंद केजरीवाल उनके चुनाव नहीं लड़ने के फैसले से खुश नहीं थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला है और इसके पीछे पार्टी की ओर से टिकट काटे जाने जैसी कोई बात नहीं है।
तीन दिन पहले फिर केजरीवाल का आया फोन
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे दिल्ली में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के दौरान ही उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। विधायक ने अपनी पोस्ट में यह भी खुलासा किया कि करीब तीन दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने उन्हें फोन किया था। इस दौरान केजरीवाल ने दोबारा पूछा कि क्या वह वास्तव में आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं।








