पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका!
सोनिया मान को टिकट देने से नाराज डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर समेत 3 नेताओं ने छोड़ी AAP
सुखदीप सिंह छीना ने अपना इस्तीफा पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा को भेजा
हलका इंचार्ज राजबीर छीना व SC विंग कोऑर्डिनेटर गुरदेव जोबन झंझोटी ने छोड़ी पार्टी
वहीं, चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी को भी टिकट कटने से नाराजगी
फिलहाल, पंजाब में टिकटों को लेकर आम आदमी पार्टी के भीतर नाराजगी का दौर जारी
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पार्टी में टिकटों को लेकर नाराजगी सामने आने लगी है। पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर सुखदीप सिंह छीना समेत अमृतसर के राजासांसी हलके के तीन नेताओं ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सुखदीप सिंह छीना ने अपना इस्तीफा पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा को भेजा है। छीना के साथ राजासांसी के हलका संगठन इंचार्ज राजबीर सिंह छीना और हलके के एससी विंग के कोऑर्डिनेटर गुरदेव सिंह जोबन झंझोटी ने भी पार्टी छोड़ दी है।
13 साल से पार्टी के साथ जुड़े थे छीना
सुखदीप सिंह छीना ने बताया कि वह पिछले 13 वर्षों से आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े हुए थे। छीना ने आरोप लगाया कि राजासांसी हलके की इंचार्ज डॉ. सोनिया मान की नीतियों से पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने हाईकमान से मांग की है कि राजासांसी से सोनिया मान को दिए गए टिकट पर दोबारा विचार किया जाए और किसी योग्य व जीतने वाले कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया जाए।
चमकौर साहिब के विधायक भी नाराज!
वहीं, रोपड़ के चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी भी टिकट कटने से नाराज बताए जा रहे हैं। उनकी जगह जसबीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया गया है। ऐसे में चर्चा है कि वह भी आम आदमी पार्टी छोड़ सकते हैं। फिलहाल, पंजाब में टिकटों को लेकर AAP के भीतर नाराजगी का दौर जारी है। अब देखना होगा कि पार्टी हाईकमान नाराज नेताओं को मनाने में कामयाब होता है या आगे इस्तीफों की संख्या और बढ़ती है।








