पंजाब के लुधियाना में चोरी की बड़ी वारदात आई सामने
हौजरी फैक्ट्री से 1 करोड़ का माल चोरी, दो गाड़ियों में सामान भरकर दर्जनभर बदमाश फरार
भाईदूज पर फैक्ट्री पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर होश उड़ गए
फैक्ट्री में रखा सर्दियों के सीजन का पूरा तैयार हौजरी स्टॉक चोरी कर ले गए हैं
वहीं, महंगी मशीनों के पुर्जे, एसी और सीसीटीवी का डीवीआर तक नहीं छोड़ी
फैक्ट्री मालिक रोहन अनुसार वारदात के पीछे जानकार का हाथ हो सकता है
लुधियाना
पंजाब के लुधियाना से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां पुनीत नगर इलाके में चोरों ने एक हौजरी फैक्ट्री को निशाना बनाते हुए 1 करोड़ रुपये से अधिक का माल चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए करीब एक दर्जन लोगों का गिरोह बनाया और दो बड़ी गाड़ियों में सामान भरकर फरार हो गए। यह वारदात त्योहारी छुट्टियों के दौरान देर रात करीब 2 बजे हुई। सर्दियों के सीजन का पूरा तैयार हौजरी स्टॉक चोरी कर ले गए। बदमाश महंगी मशीनों के पुर्जे, एसी और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर तक उखाड़कर अपने साथ ले गए। फिलहाल थाना टिब्बा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मौके से मिले औजारों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर रही है।

किसी जानकार का हाथ हो सकता है
फैक्ट्री मालिक रोहन दिवाली की रात फैक्ट्री में पूजा करने के बाद ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन विश्वकर्मा दिवस की छुट्टी थी। जब वे भाईदूज के दिन फैक्ट्री पहुंचे, तो वहां के टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। वहीं, फैक्ट्री मालिक रोहन ने आशंका जताई है कि इस वारदात के पीछे किसी जानकार का हाथ हो सकता है, जिसे फैक्ट्री की छुट्टियों की जानकारी थी।
दो गाड़ियों में भरकर ले गए सामान
बताया जा रहा है कि चोर बोलेरो और टाटा 407 जैसी दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बांस के लंबे डंडे की मदद से फैक्ट्री की दीवार फांदकर अंदर घुसता दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने गेट खोलकर अपने अन्य साथियों को अंदर बुला लिया। छत पर छोटे पैरों के निशान भी मिले हैं, जिसके आधार पर फैक्ट्री मालिक ने गिरोह में एक नाबालिग के शामिल होने की आशंका जताई है।







